भास्कर ग्राउंड रिपोर्ट / जामताड़ा से तगड़ा मधुपुर फिर भी जिले का दर्जा नहीं

विकास सिंह । धनबाद . पड़ोस का जिला है जामताड़ा...हर कोण में मधुपुर से कमजोर...इसके बावजूद मधुपुर अनुमंडल ही बना रह गया...खुद यहां के विधायक राज पलिवार के साथ बासुकीनाथ में मुख्यमंत्री तक ने मधुपुर को जिला बनाने की घोषणा की थी। यह मांग जनता की सिर्फ भाजपा से ही नहीं, बल्कि इस क्षेत्र से विधायक चुने गए झामुमो और झाविमो से भी रही है।  लेकिन किसी भी पार्टी की सरकार रही हो, इस दिशा में ध्यान नहीं दिया गया।


मधुपर का जिला बनना यहां के लोगों का वर्षाें का सपना है। इस बार चुनाव में जनता इस अपेक्षा के साथ ही अपना निर्णय सुनाएगी। मधुपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल तीन लाख दो हजार वोटर हैं। इनमें महिला एक लाख 41 हजार और पुरुष वोटर एक लाख 60 हजार हैं, लेकिन किसी भी प्रत्याशी की जीत में 90 हजार मुस्लिम वोटर निर्णायक साबित होंगे। पिछले तीन विधानसभा चुनाव के परिणाम बताते हैं कि इस सीट पर भाजपा और झामुमो की सीधी टक्कर रही है। झाविमो और आजसू इस बार परंपरा तोड़ने के लिए पूरा जोर लगाए हुए हैं। इससे परंपरागत वोटों पर सेंधमारी की योजना बनाई जा रही है।


ध्रुवीकरण की राजनीति


मधुपुर की सियासी पहचान ध्रुवीकरण की राजनीति भी रही है। झामुमो का यहां अच्छा-खासा वोटबैंक है। शिबू सोरेन की नजदीकी के कारण हाजी हुसैन की इस वोट बैंक में अच्छी पकड़ रही है। फिर भी जिले की मांग बाजी से उलटफेर संभव है।


ये चार मुद्दे... जो अब तक नहीं हो सके हल


1 जिला की मांग : पांच साल में कई सौगातें मिलीं, पर जिला नहीं बनने पर मधुपुर कई सुविधाएं से वंचित रह गया है। इस बार यह सबसे बड़ा चुनावी मुद्दा है।


2 जाम : गांधी चौक हो, डालमिया कूप चौक या स्टेशन रोड, या फिर शहर की अन्य सड़कें, जाम बड़ी समस्या है। फुटपाथ व पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो पाई है।


3 पेयजल : 1984 में शुरू हुई जलापूर्ति परियोजना अाज नाकाफी है। मारगोमुंडा, खसपेका व पतरो नदी से पानी मिल सकेगा, परंतु परियोजनाएं पूरी होने में देर है।


4 स्वास्थ्य : करौं में ईएसआई अस्पताल नहीं है। मंत्री पलिवार सिर्फ रेफरल अस्पताल को अनुमंडल अस्पताल का दर्जा दिला सके, परंतु डॉक्टर ही नहीं मिलते।


3 चुनावों का सक्सेस रेट


2014 : राज पलिवार (भाजपा) 74325, हाजी हुसैन अंसारी (झामुमो) 67441, सहीम खान (झाविमो) 25756, 2009 : हाजी हुसैन (झामुमो)47880, शिवदत्त शर्मा (झाविमो)27412, अभिषेक झा (भाजपा)26915, 2005 : राज पलिवार (भाजपा) 48756, हाजी हुसैन (झामुमो)42089


वोटर्स बोले...इस बार मुकाबला अच्छा होगा


 पलिवार एक विशेष वर्ग से घिरे रहे। बतौर विधायक और मंत्री का कार्यकाल औसत कहा जा सकता है। -रफीक शबनम, मधुपुर चैंबर


 मधुपुर में राज पलिवार का पलड़ा भारी रहेगा। सभी समुदायों में उन्होंने पैठ बनाई है। व्यवहार उनकी पूंजी है। -राम तपस्वी सिंह, प्रोफेसर